गाजीपुर, । जनपद में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर प्रशासन ने ताजा स्थिति जारी करते हुए बताया कि सभी आवश्यक ईंधनों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 20 अप्रैल को जनपद में पेट्रोल का स्टॉक 1310 किलोलीटर और डीजल का स्टॉक 1403 किलोलीटर दर्ज किया गया। वहीं 19 अप्रैल को 290 किलोलीटर पेट्रोल और 485 किलोलीटर डीजल की बिक्री हुई।
घरेलू गैस की स्थिति भी संतोषजनक बताई गई है। 20 अप्रैल को गैस सिलेंडरों का कुल स्टॉक 21451 रहा, जबकि 19 अप्रैल को 8609 सिलेंडरों की बिक्री और 11338 सिलेंडरों की बुकिंग दर्ज की गई। पिछले वर्ष 19 अप्रैल 2025 को 8744 सिलेंडरों की बिक्री और 8755 की बुकिंग हुई थी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी उपभोक्ताओं को बुकिंग तिथि के अनुसार शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्थिति में गोदाम या शोरूम से सीधे वितरण न किया जाए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि गैस केवल वास्तविक कनेक्शन धारकों को ही दी जाए और एजेंसियों के फोन चालू रखें जाएं ताकि उपभोक्ताओं को सही जानकारी मिल सके।
प्रशासन ने व्यावसायिक उपभोक्ताओं को ऑनलाइन पंजीकरण कर गैस की मांग दर्ज कराने की सलाह दी है। साथ ही पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करने पर भी जोर दिया गया है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुचारु बनी रहे।














