गाजीपुर। भाजपा के पूर्व विधायक स्वर्गीय कृष्णानंद राय सहित सात भाजपा कार्यकर्ताओं के 21वें शहादत दिवस पर रविवार को मुहम्मदाबाद स्थित शहीद पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर समेत कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि कृष्णानंद राय और उनके साथियों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी मिलेगी, जब उनके सपनों को पूरा किया जाएगा। योगी सरकार में अपराधियों का सर्वनाश होगा। उन्होंने कहा कि जनता को मारीच के छद्म वेश में आकर अपना बताने और ठगने वालों को पहचानना होगा। उन्होंने विवादित राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि अब मुहम्मदाबाद के राक्षस का प्राण ईवीएम में है। जनता अपने वोट से उसका नाश करे। उन्होंने लोगों को अत्याचारियों का साथ देने वालों को पहचानने का संकल्प भी दिलाया।
कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि कृष्णानंद राय ने अपराधियों के खिलाफ जो लड़ाई शुरू की थी, उसे योगी सरकार ने आगे बढ़ाया है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में मुहम्मदाबाद से भाजपा को जिताने और कमल का बटन दबाने का संकल्प दिलाया। साथ ही दिसंबर के अंत तक महिलाओं के खातों में 20 हजार रुपये भेजने के संबंध में सरकार द्वारा निर्णय लेने की बात कही।
पूर्व विधायक अलका राय ने कहा कि लगातार 20 वर्षों से समर्थकों की मौजूदगी उन्हें भावुक करने के साथ संघर्ष की ताकत देती है। उन्होंने मतदान के जरिए अपराधियों को परास्त करने की अपील की।
गौरतलब है कि 29 नवंबर 2005 को तत्कालीन विधायक कृष्णानंद राय सहित सात लोगों की हत्या कर दी गई थी। शहीद पार्क में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद नीरज शेखर, पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, अभिनव सिन्हा, मनोज राय, डॉ. सानंद सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे। आगंतुकों का स्वागत पीयूष राय ने किया। कार्यक्रम के बाद अलका राय ने गरीब महिलाओं में कंबल वितरित किए। अध्यक्षता पूर्व कैप्टन अनिरुद्ध राय तथा संचालन शशांक राय ने किया।















