गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत रविवार 29 नवंबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर मतदाताओं को पंजीकरण और मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित जानकारी देते नजर आए।
अभियान के दौरान बीएलओ ने पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, अपात्र अथवा मृतक मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन एवं निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 की जानकारी दी। इस दौरान पात्र नागरिकों को आवश्यकतानुसार निर्धारित प्रपत्र वितरित किए गए और भरे हुए आवेदन प्राप्त किए गए।
वहीं, नागरिकों ने 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली में अपने नाम और अन्य विवरणों का सत्यापन भी किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) ने विभिन्न बूथों पर पहुंचकर अभियान का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदाता पंजीकरण कार्यों और आलेख्य मतदाता सूची की उपलब्धता का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें। वहीं, नाम हटाने या विवरण में संशोधन के लिए निर्धारित फॉर्म-7 और फॉर्म-8 का उपयोग करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।















