गाज़ीपुर । बिरनो थाना क्षेत्र के रसूलाबाद स्थित कपूरपाह उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में बुधवार रात ईंट से हमला कर मजदूर की हत्या कर दी गई। सिर में गंभीर चोट लगने से घायल मजदूर अफजल शाह (35) की जिला मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याकांड के आरोपी सरवन राजभर को 24 घंटे के भीतर शुक्रवार तड़के गिरफ्तार कर लिया।
अफजल करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के ढोड़ाडीह गांव का निवासी था। वह अपने साथी सद्दाम शाह के साथ बुधवार दोपहर विद्यालय में पुरानी इमारत तोड़ने और ईंटें तराशने का काम करने पहुंचा था। वहां सद्दाम के पिता मजीद शाह और राजापुर निवासी एक अन्य मजदूर भी करीब 20 दिनों से काम कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, बुधवार देर शाम सद्दाम, अफजल और सरवन बिरनो के डांडीकला मोड़ स्थित एक दुकान पर जलपान करने गए थे। इसके बाद तीनों ने शराब और बीयर पी। विद्यालय लौटते समय अफजल और सरवन के बीच किसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी विवाद में सरवन ने ईंट से अफजल के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अफजल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार तड़के ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पास घेराबंदी कर आरोपी सरवन राजभर पुत्र नागा राजभर निवासी राजापुर, थाना करीमुद्दीनपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी कहीं भागने की फिराक में था। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।















