गाजीपुर। बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत 71 आउटसोर्स कर्मचारियों को सितंबर महीने का मानदेय अब तक नहीं मिला है। अक्टूबर का आधा महीना बीतने के बाद भी भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। त्योहार नजदीक होने के कारण उन्हें घर का खर्च चलाने और जरूरी सामान खरीदने में परेशानी हो रही है।प्रदेश सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों को प्रत्येक महीने की पांच तारीख तक मानदेय देने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने भी समय से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा है। इसके बावजूद कर्मचारियों का सितंबर का मानदेय लंबित है। कर्मचारियों को जल्द भुगतान का आश्वासन मिला था, लेकिन 18 अक्टूबर तक उनके खातों में धनराशि नहीं पहुंची।कर्मचारी ‘समृद्ध पूर्वांचल इंफोटेक प्राइवेट लिमिटेड’ कंपनी के माध्यम से बेसिक शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। इनमें ब्लॉक क्वालिटी कोऑर्डिनेटर, एमआईएस कोऑर्डिनेटर, सहायक लेखाकार और कंप्यूटर ऑपरेटर जैसे पदों पर तैनात कर्मचारी शामिल हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि सीमित मानदेय में परिवार का खर्च चलाना पहले से ही चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में समय पर भुगतान नहीं होने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। बैंक बंद होने के कारण अब त्योहार से पहले मानदेय मिलने की उम्मीद भी कम हो गई है। कर्मचारियों ने लंबित मानदेय जल्द जारी करने और भविष्य में हर महीने निर्धारित समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।















