गाजीपुर। जमानियां कोतवाली क्षेत्र के चक मेदनी नंबर दो गांव में रविवार को पोखरे में डूबने से 13 वर्षीय छात्र सुधांशु शर्मा की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां चांदनी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सुधांशु घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित पोखरे में डूब गया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पूछताछ की और पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
मृतक के नाना महातिम शर्मा ने बताया कि उनकी कोई संतान पुत्र के रूप में नहीं है। उनकी इकलौती बेटी चांदनी की शादी करीब 15 वर्ष पहले बिहार के बनारपुर निवासी दीप लोक शर्मा से हुई थी। शादी के बाद से ही चांदनी अपने मायके में रह रही है। सुधांशु दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई हिमांशु है। सुधांशु के पिता पंजाब में निजी नौकरी करते हैं और वहीं रहकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।सुधांशु बेटावर स्थित विद्यालय में कक्षा सात का छात्र था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे के भविष्य को लेकर संजोए गए सपने अचानक बिखर जाने से परिजन गहरे सदमे में हैं।
ग्राम प्रधान रामानंद यादव उर्फ बबलू ने बताया कि घटना से पूरा गांव दुखी है। पीड़ित परिवार को सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जा रही है।प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।















