गाजीपुर। बिन्दु होटल के मालिक के पुत्र विनीत राय की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो वांछित और इनामिया आरोपियों के खिलाफ गाजीपुर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश पर शनिवार, 17 अक्टूबर को कोतवाली पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराकर आरोपियों के निवास स्थान पर धारा 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा नोटिस चस्पा किया।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 365/2026 के तहत विनीत राय की हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज है। इस प्रकरण में नामजद आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
इसके बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, गाजीपुर की अदालत ने आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करने के साथ ही धारा 84 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत उद्घोषणा का आदेश दिया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस टीम ने सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई और आरोपियों के घरों पर नोटिस चस्पा किया।
फरार आरोपियों में शंकर पाण्डेय पुत्र राजेश्वर पाण्डेय, निवासी गौसाबाद फतेहपुर सिकन्दर, थाना कोतवाली तथा आलोक दुबे पुत्र लक्ष्मण दुबे, निवासी कालीधाम कॉलोनी, फतेहपुर सिकन्दर, थाना कोतवाली, गाजीपुर शामिल हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रमोद कुमार सिंह, अतिरिक्त निरीक्षक देवेंद्र कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा और उपनिरीक्षक अनूप कुमार पाण्डेय सहित पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।















