गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत रविवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनुपम शुक्ला ने विभिन्न मतदेय स्थलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने लूर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज एवं राजकीय सिटी इंटर कॉलेज, गाजीपुर में आयोजित विशेष कैंपों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लूर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 231 से 237 तक कुल सात बूथों तथा राजकीय सिटी इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 254 से 259 तक छह बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से फॉर्म-6, 7 एवं 8 के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी संबंधित मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति में हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। इनके माध्यम से नागरिकों को मतदाता पंजीकरण, संशोधन एवं अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पहली बार मतदाता बनने वाले पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। वहीं, मतदाता सूची में संशोधन अथवा निर्धारित परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी मतदाता को अधिकतम 10 फॉर्म-7 ही उपलब्ध कराए जाएं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं बीएलओ को युवा और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में ईआरओ एवं संबंधित अधिकारियों ने भी स्थलीय निरीक्षण कर बीएलओ को आवश्यक निर्देश दिए।















