गाजीपुर। शैक्षिक सत्र 2026-27 में सामान्य, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं को दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ दिलाने के लिए शासन ने समय-सारिणी जारी कर दी है। इसके तहत ग्रुप-1, 2, 3 और 4 के पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। योजना के अंतर्गत आवेदन, सत्यापन, अग्रसारण और छात्रवृत्ति वितरण की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएगी।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज ने बताया कि छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति नवीनीकरण (रिन्यूअल) के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू होकर 15 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। वहीं, शिक्षण संस्थानों द्वारा नवीनीकरण के ऑनलाइन आवेदनों को अग्रसारित करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
इसी प्रकार, नए छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 तय की गई है। शिक्षण संस्थानों को नवीन आवेदनों को ऑनलाइन अग्रसारित करने के लिए 10 नवंबर 2026 तक का समय दिया गया है। नवीन आवेदनों को अग्रसारित करने की प्रक्रिया 16 सितंबर से शुरू हो चुकी है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद के समस्त दशमोत्तर शिक्षण संस्थानों और छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे शासन द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार आवेदन और सत्यापन समेत सभी आवश्यक कार्यवाही निर्धारित समय में पूरी करें, जिससे पात्र विद्यार्थियों को समय से छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ मिल सके।















