Saturday, September 26, 2026
Your Dream Technologies
HomeKhabar Thodi Hatkarस्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़, अमृत फार्मेसी और सीटी स्कैन का लोकार्पण

स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़, अमृत फार्मेसी और सीटी स्कैन का लोकार्पण

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा काल पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को लंका मैदान में सेवा समर्पण अभियान के तहत वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर 26 से 28 सितंबर तक चलेगा।
सेवा संकल्प स्वास्थ्य अभियान के तहत आयोजित शिविर में बहु विशेषज्ञ चिकित्सा केंद्र स्थापित किया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आमजन को निःशुल्क परामर्श और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराईं। बड़ी संख्या में मरीजों का पंजीकरण किया गया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 25 वर्षों तक राष्ट्रसेवा के लिए स्वयं को समर्पित किया है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अमृत फार्मेसी और सीटी स्कैन की सुविधा शुरू होने से लोगों को जांच और दवाओं के लिए वाराणसी या लखनऊ नहीं जाना पड़ेगा।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने नवनिर्मित अमृत फार्मेसी, अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन और चार नए मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का लोकार्पण किया। उन्होंने अमृत फार्मेसी और ऑपरेशन थिएटरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य आनंद मिश्रा ने संस्थान के विकास से संबंधित पांच प्रस्ताव उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखे। इनमें संबद्ध चिकित्सालय में आवश्यक सुविधाओं के विकास, गोराबाजार स्थित 200 एवं 300 शैय्या अस्पतालों को जोड़ने के लिए संपर्क मार्ग, एकेडमिक व प्रशासनिक ब्लॉक को कवर्ड कॉरिडोर से जोड़ने, अतिरिक्त कक्षों के निर्माण तथा लेवल-3 ट्रामा सेंटर को लेवल-2 के रूप में संचालित करने से संबंधित प्रस्ताव शामिल रहे। उपमुख्यमंत्री ने प्रस्तावों को शासन स्तर से स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, समाजसेवी अभिनव सिन्हा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सरोज कुशवाहा सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button