गाजीपुर। जमानिया थाना पुलिस ने बुधवार को चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ई-रिक्शा समेत 44.28 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार (28) पुत्र स्व. कन्हैया प्रसाद निवासी कंजेहरा, थाना कंदवा, जनपद चंदौली के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह हमराहियों के साथ मदनपुर नहर के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से ई-रिक्शा संख्या यूपी 61 बीटी 3632 बरामद हुआ। ई-रिक्शा में 135 पाउच ब्ल्यू लाइम देशी शराब मिली, जिसमें प्रत्येक पाउच 200 एमएल का था। इसकी कुल मात्रा 27 लीटर बताई गई है। इसके अलावा 96 पाउच 8 पीएम अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिनमें प्रत्येक पाउच 180 एमएल का था। इसकी कुल मात्रा 17.28 लीटर है।
पुलिस ने बताया कि बरामद शराब की कुल मात्रा 44.28 लीटर है। आरोपी के खिलाफ जमानिया थाने में मुकदमा संख्या 310/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 में केस दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी रेलवे स्टेशन जमानिया उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह और हमराही पुलिसकर्मी शामिल रहे।














