गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में मंगलवार को रायफल क्लब सभागार में एकीकृत बागवानी विकास मिशन, मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की वार्षिक कार्ययोजना को लेकर जिलास्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई। बैठक में योजनाओं के तहत पिछले वर्ष कराए गए कार्यों की समीक्षा के साथ चालू वित्तीय वर्ष के लक्ष्यों पर चर्चा की गई।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत नवीन उद्यान रोपण के लिए 48 हेक्टेयर, शाकभाजी 15 हेक्टेयर, पुष्प 9 हेक्टेयर, प्याज-लहसुन मसाला क्षेत्र के लिए 150 हेक्टेयर का लक्ष्य मिला है। इसके अलावा 100 बॉक्स मौनपालन, 2000 रनिंग मीटर घेराबंदी, 70 इको लाइट ट्रैप और 15 हेक्टेयर मचान का लक्ष्य निर्धारित है।
मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना में 14 हेक्टेयर फल क्षेत्र, 60 हेक्टेयर शाकभाजी, 20 हेक्टेयर प्याज, 21 हेक्टेयर पुष्प, पांच हेक्टेयर मचान, 4000 रनिंग मीटर घेराबंदी, 150 बॉक्स मौनपालन, पांच एचडीपीई वर्मी बेड और पांच इको लाइट ट्रैप का लक्ष्य है। लाभार्थियों का चयन प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर होगा और किसी लाभार्थी की पुनरावृत्ति नहीं की जाएगी।
योजना का लाभ अधिकतम चार विकासखंडों मुहम्मदाबाद, भांवरकोल, रेवतीपुर और सदर में दिया जाएगा। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में ड्रिप, मिनी स्प्रिंकलर, माइक्रो स्प्रिंकलर, पोर्टेबल स्प्रिंकलर और रेनगन के कुल 1763 हेक्टेयर के लक्ष्य मिले हैं। सीडीओ ने व्यापक प्रचार-प्रसार कर लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी मंगलेश सिंह, जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार, जिला गन्ना अधिकारी अंगद प्रसाद सिंह समेत अधिकारी और प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।














