मुंबई: करीब 113 करोड़ रुपये की कथित क्रिप्टोकरेंसी ठगी के मामले में वांछित आरोपी अमित लखनपाल को UAE में गिरफ्तार किया गया है। ठाणे पुलिस के अनुरोध पर जारी रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर UAE अधिकारियों ने यह कार्रवाई की। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी आरोपी की लोकेशन से जुड़ी जानकारी UAE अधिकारियों के साथ साझा की थी।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, लखनपाल पर आरोप है कि उसने खुद को वित्त मंत्रालय का अधिकारी बताकर लोगों को अपनी कथित क्रिप्टोकरेंसी मनी ट्रेड कॉइन (MTC) में निवेश करने के लिए आकर्षित किया। यह मामला वर्ष 2017-18 का बताया जा रहा है।
स्टार होटलों में सेमिनार, सरकारी मान्यता का दावा
आरोप है कि निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए अमित लखनपाल ने स्टार होटलों में सेमिनार आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में कथित तौर पर यह दावा किया गया कि MTC को जल्द ही सरकारी मान्यता मिलने वाली है। इसी भरोसे में बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें पैसा लगाया।
जांच के दौरान MTC से जुड़ी कई कथित योजनाओं और एक्सचेंज के सामने आने की बात कही गई है। इनमें Coin Deposit Ratio, MTC Banque, MTCX India और Cryptozaniya शामिल हैं।
क्रिप्टो की कीमत से कथित छेड़छाड़
ED के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर MTC की कीमतों में हेरफेर किया। बाद में इसकी ट्रेडिंग और पैसे निकालने की सुविधाएं बंद हो गईं। इससे निवेशकों की मूल रकम के साथ-साथ उन्हें दिए गए रिटर्न के वादे पर लगा पैसा भी फंस गया।
इस मामले में ठाणे पुलिस अमित लखनपाल के अलावा ताहा हाफिज काजी, सचिन वसंत शेलार, कोमल भीमराव शिरसाठ और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। ED ने भी इसी मामले से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग एंगल की जांच शुरू की थी।
भारत से फरार होकर UAE पहुंचा
पुलिस की FIR दर्ज होने के बाद अमित लखनपाल अपने कुछ सहयोगियों के साथ भारत से फरार हो गया था। ED के मुताबिक, उसने Antigua and Barbuda का पासपोर्ट हासिल किया और दुबई में कथित तौर पर फर्जी पहचान के साथ रह रहा था।
जांच में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की कथित भूमिका का एंगल भी सामने आया है। एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि उस अधिकारी ने लखनपाल के कार्यालय और उसके ग्राहकों से जुड़े कामकाज को किस तरह संभाला।
पत्नी भी भारत से बाहर चली गई
लखनपाल की पत्नी भारत में ही रह गई थी। सूत्रों के अनुसार, उसने 2023-24 के दौरान तीन बार देश से बाहर जाने की कोशिश की, लेकिन एयरपोर्ट पर उसे रोक दिया गया। बाद में कथित तौर पर उसके लिए भी Antigua का पासपोर्ट हासिल किया गया और वह पिछले साल भारत से बाहर चली गई।
अब भारत लाए जाने की तैयारी
अमित लखनपाल की गिरफ्तारी के बाद भारतीय एजेंसियां उसे UAE से भारत प्रत्यर्पित कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही हैं। संबंधित एजेंसियों से मामले की विस्तृत जानकारी मांगी गई है।
अब जांच एजेंसियों का फोकस इस बात पर है कि कथित 113 करोड़ रुपये की ठगी में कितने निवेशक प्रभावित हुए, रकम कहां-कहां भेजी गई और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे।














