गाजीपुर। जमानिया कोतवाली क्षेत्र के देवड़ी गांव में सोमवार सुबह करीब छह बजे गैस सिलेंडर से रिसाव के बाद लगी आग ने बड़ा हादसा कर दिया। आग की चपेट में आने और मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी में हुए जोरदार धमाके से दो स्कूली छात्रों की झुलसकर मौत हो गई। हादसे में मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
देवड़ी निवासी सुंदरम यादव (12) कक्षा छह और विशाल शर्मा (14) कक्षा आठ के छात्र थे। दोनों पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवड़ी में पढ़ते थे। सोमवार सुबह सुंदरम अपनी बहन रेखा के साथ विशाल के घर दूध लेने गया था। उस समय विशाल की मां मीना देवी रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा और अचानक आग भड़क उठी।
रसोई से आग की लपटें निकलती देख मीना देवी और रेखा घर से बाहर निकल गईं। वहीं आंगन में मौजूद दोनों बच्चे घबराकर बगल के कमरे में चले गए और पटनी पर चढ़ गए। इसी दौरान आग कमरे में खड़ी मोटरसाइकिल तक पहुंच गई। पेट्रोल टंकी में जोरदार धमाका होने से दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह, तहसीलदार राम नारायण वर्मा समेत पुलिस-प्रशासन की टीम पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा है और पूरे गांव में मातम पसरा है।














