गाजीपुर। शादियाबाद क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को संचालित तान्या डायग्नोस्टिक सेंटर पर छापेमारी कर अनियमितताओं की जांच की। कार्रवाई के दौरान सेंटर में कई खामियां पाए जाने पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। छापेमारी की कार्रवाई मनिहारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. धर्मेंद्र कुमार एवं क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी के नेतृत्व में की गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेंटर में जांच के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं एवं संचालन से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी ली। अनियमितताएं सामने आने के बाद अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनिहारी के प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी सेंटरों और अस्पतालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बिना मानक एवं आवश्यक अनुमति के पैथोलॉजी या अस्पताल संचालित किए जाने की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित जांच केंद्रों एवं अस्पताल संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।














