गाजीपुर। खानपुर थाना क्षेत्र के रजहटी गांव में बुधवार रात करीब साढ़े सात बजे दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक कलह के बीच एक महिला पर अपने दो नाबालिग बेटों की हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने समय रहते उसे बचा लिया। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान करन (13) और आरके (11) के रूप में हुई है। दोनों भाइयों के शव घर के कमरे में बिस्तर पर लहूलुहान हालत में मिले। प्रारंभिक जांच में दोनों के सिर पर लोहे की रॉड या किसी भारी वस्तु से वार किए जाने की बात सामने आई है। शवों के पास सल्फास की शीशी भी मिली है। बच्चों के भोजन में जहर या नशीला पदार्थ मिलाए जाने की आशंका के चलते खाने के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
घटना के समय बच्चों की दादी अपनी पोती प्रतिभा को लेकर बाहर गई थीं। शाम को लौटने पर उन्होंने पूजा से दोनों बेटों के बारे में पूछा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कमरे में गईं तो बच्चों के शव देखकर शोर मचा दिया। ग्रामीणों की भीड़ जुटने पर पूजा ने फंदा लगाने का प्रयास किया, जिसे लोगों ने बचा लिया।
पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।














