गाजीपुर – जमानियां क्षेत्र के गरूआ-मकसूदपुर गंगा तट पर मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक इंटरमीडिएट छात्र गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घाट पर जुट गए। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम स्थानीय मछुआरों और नाविकों की मदद से युवक की तलाश में जुटी रही, लेकिन घटना के करीब तीन घंटे बाद तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
लापता युवक की पहचान गरूआ-मकसूदपुर निवासी जोगिंदर गौतम के 18 वर्षीय बेटे परमेश्वर गौतम के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह गंगा तट पर धार्मिक पूजा का आयोजन था। परमेश्वर अपनी मां गीता देवी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पूजा में शामिल होने गया था। पूजा के बाद वह स्नान करने के लिए गंगा नदी में उतरा, तभी अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही क्षणों में वह नदी की तेज धारा में समा गया।
घटना के बाद घाट पर मातम का माहौल बन गया। परिवार के लोगों के अनुसार परमेश्वर छह भाइयों में पांचवें नंबर पर था और इंटर का छात्र था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि अन्य भाई चेन्नई में नौकरी करते हैं। बेटे के लापता होने से मां गीता देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि युवक की तलाश के लिए गंगा में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।














