गाज़ीपुर – बिरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत खरगपुर मठिया गांव में बीती रात बेखौफ चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। विरोध करने पर चोरों ने गृहस्वामी पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत और लोगों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी उपेंद्र राजभर पुत्र चंद्रिका राजभर के घर देर रात अज्ञात चोर घुस गए। घर में हलचल होने पर उपेंद्र राजभर की नींद खुल गई। उन्होंने चोरों का विरोध करने की कोशिश की, लेकिन चोरों ने उन पर हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद चोर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक माह पहले भी बिरनो थाना क्षेत्र के चार घरों में चोरी की बड़ी वारदात हुई थी, लेकिन अब तक पुलिस उन घटनाओं का खुलासा नहीं कर सकी है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
इस संबंध में बिरनो थानाध्यक्ष अजय कुमार यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर जांच कर कार्यवाही की जा रही है।














