गाज़ीपुर – सैदपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर पाहि गांव में सोमवार भोर में चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। बताया गया कि राकेश यादव, नरेंद्र यादव और मोती यादव के परिवार के सदस्य रात में गहरी नींद में सो रहे थे। इसी दौरान चोर घरों में घुस गए और अलमारी तथा बक्सों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चोरी कर फरार हो गए।
सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो सामान बिखरा पड़ा मिला और चोरी की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर एक युवक को पकड़ लिया और उसे सैदपुर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवक के पास से सरकारी तार भी बरामद हुआ है। पूछताछ में उसने अपने साथ अन्य लोगों के शामिल होने की बात स्वीकार की है, जो मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। सैदपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कोतवाल राजेश त्रिपाठी ने बताया कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।














