गाजीपुर – संभावित बाढ़ और गंगा कटान को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम शेरपुर और मुबारकपुर में चल रहे कटानरोधी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने मौके पर बोल्डर पैचिंग समेत अन्य कटानरोधी कार्यों को देखा और कार्यदायी संस्था व ठेकेदारों को निर्देश दिया कि कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि मजदूरों और मशीनों की संख्या बढ़ाकर तय समय सीमा के भीतर हर हाल में कार्य पूरा कराया जाए। डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों की तैयारियों की भी जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, अधिशासी अभियंता देवकली पंप नहर तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।














