गाजीपुर – स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। मनमाने और गलत बिजली बिल से त्रस्त लोग अब खुलकर विरोध जता रहे हैं। समाजसेवी दुर्गेश राय ने लखनऊ में विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष डॉ. अवधेश वर्मा से मुलाकात कर इस समस्या को उठाया और जिले की स्थिति से अवगत कराया।
दुर्गेश राय के अनुसार, स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में चार गुना तक अधिक बिल भेजे जा रहे हैं। जिले में करीब डेढ़ लाख मीटर लगाए जा चुके हैं, लेकिन उनकी सही निगरानी नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीटर में “माइनस बैलेंस” दिखाकर बार-बार बिजली काट दी जाती है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि वे मजबूरी में कर्ज लेकर मीटर रिचार्ज कराते हैं, फिर भी कई दिनों तक बिजली बहाल नहीं होती। कमर्शियल उपभोक्ताओं की स्थिति और भी खराब है, जहां 1000–1200 रुपये का बिल अब बढ़कर 8 से 10 हजार रुपये तक पहुंच गया है। बिल की प्रक्रिया भी स्पष्ट नहीं है, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
शिकायत करने पर अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा और बिल संशोधन की प्रक्रिया भी जटिल हो गई है। डॉ. अवधेश वर्मा ने मामले में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।














