गाजीपुर – सैदपुर थाना क्षेत्र के बड़नपुर गांव में शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे चकरोड विवाद को लेकर ग्राम प्रधान हरकेश गुप्ता पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों और फावड़े से उन पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गांव में चार माह पहले चकरोड का निर्माण हुआ था, लेकिन कुछ लोगों ने उसे काटकर अपनी जमीन में मिला लिया था। इस विवाद को सुलझाने के लिए खंड विकास अधिकारी और ब्लॉक प्रमुख की मौजूदगी में सहमति बनी थी, जिसके बाद दो दिन पहले दोबारा चकरोड बनवाया गया।
शुक्रवार सुबह कुछ लोगों ने प्रधान को फोन कर चकरोड के पास बुलाया। वहां पहुंचते ही कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते हमला कर दिया गया। हमले के दौरान 8-10 लोग मौजूद थे। प्रधान का आरोप है कि अजय यादव, जो यूपी पुलिस में सिपाही है, ने फावड़े से वार किया।
घटना के बाद प्रधान के समर्थक मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देख हमलावर फरार हो गए। घायल प्रधान को तुरंत सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।














