गाजीपुर – कासिमाबाद क्षेत्र में पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में सपा से जुड़े एक युवा नेता को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, टैटू फैन और अखिलेश प्रेमी के नाम से चर्चित ओमप्रकाश यादव उर्फ ओम यादव द्वारा बीते कुछ दिनों से ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जा रहे थे। इस मामले को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के एक पदाधिकारी ने 3 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
एफआईआर दर्ज होने के बावजूद सोशल मीडिया पर पोस्ट का सिलसिला जारी रहा, जिसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके पैतृक गांव सोनबरसा से हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई की खबर मिलते ही क्षेत्रीय समाजवादी पार्टी के नेता कासिमाबाद कोतवाली पहुंच गए और हिरासत में लिए जाने का विरोध जताया।
विरोध जताने वालों में जयहिंद यादव, महेंद्र चौहान, अमित ठाकुर, संदीप यादव, नीतीश यादव, कमलेश यादव, सत्येंद्र यादव, मटरू यादव, धर्मेंद्र यादव, हरेंद्र यादव, गोलू यादव, रामदरश यादव और रामकृत यादव शामिल रहे।
इस पूरे मामले पर कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी राजनारायण चौरसिया ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी और अब आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।














