गाजीपुर – सैदपुर ब्लॉक क्षेत्र के छपरा गांव स्थित पंचायत भवन में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि पंचायत भवन के ऑपरेटर द्वारा प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भारी रकम की मांग की जा रही थी।
बताया जा रहा है कि इस मामले में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद अब एक ऑडियो भी सामने आया है। ऑडियो में कथित तौर पर जन्म प्रमाण पत्र के लिए नोटरी कराने के नाम पर 1500 रुपये मांगने की बात कही जा रही है। हालांकि वायरल ऑडियो और वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पीड़ित रामविलास प्रजापति ने आरोप लगाया कि जब वह प्रमाण पत्र बनवाने पंचायत भवन पहुंचे तो उनसे पहले 1500 रुपये मांगे गए, जो बाद में 1000 रुपये में तय हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि उनका पहले से प्रमाण पत्र बना था, लेकिन उसी नंबर पर नया प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पैसे मांगे गए।
मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। संबंधित सचिव ने जानकारी से इंकार किया है, जबकि बीडीओ धर्मेंद्र यादव ने जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।














