पंजाब के लिए एक ऐतिहासिक और आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने तलवंडी साबो के लिए नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस मंजूरी के साथ अब सिख धर्म के पवित्र स्थल तख्त श्री दमदमा साहिब को भी रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इससे पहली बार सिख धर्म के सभी पांचों तख्त रेल मार्ग के जरिए आपस में जुड़ जाएंगे, जो धार्मिक यात्राओं और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करेगा।
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री Ravneet Singh Bittu ने इस परियोजना को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह केवल एक रेलवे लाइन नहीं बल्कि आस्था, गौरव और पंजाब के लिए लंबे समय से लंबित न्याय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए तख्त श्री दमदमा साहिब तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा।
आस्था को जोड़ने वाला रेल मार्ग
रेल मंत्री ने कहा कि तख्त श्री दमदमा साहिब सिख धर्म के पांच प्रमुख तख्तों में से एक है और इसका सिख इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। अब यह स्थल रेल मार्ग से अन्य तख्तों—अकाल तख्त, तख्त श्री केशगढ़ साहिब, तख्त श्री पटना साहिब और तख्त श्री हजूर साहिब से जुड़ सकेगा। इससे श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक यात्रा पहले से अधिक सुगम और सुविधाजनक हो जाएगी।
क्या है तलवंडी साबो रेल परियोजना
रमन मंडी-सद्दा सिंहवाला नई ब्रॉड गेज रेल लाइन परियोजना, मानसा-बठिंडा डबलिंग परियोजना के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा पहल है। इस रेल लाइन की कुल लंबाई लगभग 42.9 किलोमीटर होगी और इस पर करीब 1118.47 करोड़ रुपये की लागत आएगी। प्रति किलोमीटर लागत लगभग 26.07 करोड़ रुपये आंकी गई है।
History created today while sanctioning the railway link to the Talwandi Sabo: Ravneet Singh Union Minister of state for Railways and Food processing Industries
Indian railways sanction historic Talwandi Sabo rail link to Takht Sri Damdama Sahib, now joining all the five takhts… pic.twitter.com/1EQvHMHJzl— Ravneet Singh Bittu (@RavneetBittu) March 20, 2026
यह परियोजना पंजाब के मानसा जिला और बठिंडा जिला को कवर करेगी। इसके निर्माण से क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और व्यापार, पर्यटन तथा धार्मिक यात्राओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
192 हेक्टेयर भूमि की होगी आवश्यकता
इस परियोजना के लिए कुल 192.42 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी। इसमें से 40.508 हेक्टेयर भूमि मानसा जिले में और 151.912 हेक्टेयर भूमि बठिंडा जिले में अधिग्रहित की जाएगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह रेल लाइन क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
रेल लाइन पर बनेंगे छह स्टेशन
नई रेल लाइन पर कुल छह स्टेशन होंगे, जिनमें दो मौजूदा और चार नए स्टेशन शामिल होंगे। प्रस्तावित स्टेशनों में ललेआना, तलवंडी साबो, जागा राम तीर्थ और कमालू सवाइच शामिल हैं। इसके अलावा कमालू सवाइच को जंक्शन के रूप में विकसित किया जाएगा।
रेलवे मंत्रालय का मानना है कि इस परियोजना के शुरू होने से पंजाब में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी और तख्त श्री दमदमा साहिब तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी वृद्धि होगी। साथ ही यह रेल लिंक क्षेत्रीय विकास, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा।














