ग़ाज़ीपुर – जंगीपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर स्थित ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के पास मंगलवार को दो टोटो की आमने-सामने टक्कर में घायल एक महिला की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हरेंद्र चौहान निवासी पलहीपुर बोगना अपनी पत्नी कुसुमी देवी (51) के साथ गाजीपुर से टोटो में बैठकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी टोटो ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां कुसुमी देवी की हालत नाजुक बनी हुई थी। इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई, जबकि उनके पति का उपचार जारी है। जंगीपुर थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि पति की तहरीर पर पुलिस ने टोटो को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।














