Monday, March 9, 2026
Your Dream Technologies
HomeLocalमहिला दिवस पर गाजीपुर की प्रमिला से CM योगी का संवाद, 50...

महिला दिवस पर गाजीपुर की प्रमिला से CM योगी का संवाद, 50 महिलाओं को किया गया सम्मानित

गाजीपुर – अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “नारी शक्ति की बात, योगी जी के साथ” कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन के निकट स्थित ऑडिटोरियम सभागार में किया गया। कार्यक्रम में वाराणसी मंडल के गाजीपुर जनपद की विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं ने वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संवाद किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 50 महिलाओं और जनपद में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही नव चयनित मुख्य सेविका साक्षी सिंह को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया गया।

लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर ऑडिटोरियम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर के मरदह विकास खंड की ग्राम पंचायत दुर्खुशी की रहने वाली प्रमिला देवी से वर्चुअल संवाद किया। प्रमिला देवी ने बताया कि पति के निधन के बाद उनके जीवन में कठिन परिस्थितियां आ गई थीं, लेकिन सरकार की विभिन्न योजनाओं से उन्हें सहारा मिला। उन्होंने बताया कि उन्हें निराश्रित महिला पेंशन, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, पात्र गृहस्थी राशन, बेटी के लिए कन्या सुमंगला योजना तथा बच्चों की शिक्षा के लिए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का लाभ मिल रहा है। साथ ही वह कंपोजिट विद्यालय में रसोइया के रूप में कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रमिला देवी के साहस और आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए उन्हें आयुष्मान कार्ड से जुड़ने की सलाह दी और बताया कि रसोइयों को भी 1 अप्रैल से पांच लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार सहित कई अधिकारी और लगभग 450 लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button