महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने अपने विरोधियों पर बढ़त बना ली है। इस बार शिंदे ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे को बड़ा राजनीतिक झटका दिया है। दिवंगत केंद्रीय मंत्री प्रमोद महाजन के बड़े भाई और मनसे के वरिष्ठ नेता रहे प्रकाश महाजन ने औपचारिक रूप से शिवसेना की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रकाश महाजन का शिवसेना में शामिल होना मनसे के लिए गंभीर नुकसान साबित हो सकता है, क्योंकि वे लंबे समय तक राज ठाकरे के करीबी और पार्टी के मजबूत स्तंभ माने जाते रहे हैं। उनके आने से सत्ताधारी शिवसेना को आगामी नगर निगम और स्थानीय निकाय चुनावों में बड़ा लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है।
89 पूर्व पार्षदों ने भी थामा शिवसेना का दामन
प्रकाश महाजन के साथ-साथ मनसे से जुड़े 2017 से 2022 के कार्यकाल के कुल 89 पूर्व पार्षदों ने भी शिवसेना ज्वाइन कर ली है। इनमें दिनेश कुबल समेत कई प्रभावशाली नेता शामिल हैं। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रकाश महाजन का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए इसे पार्टी के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।
शिंदे बोले – प्रकाश महाजन मूल रूप से दिल से शिवसैनिक
एकनाथ शिंदे ने कहा,
“प्रकाश महाजन का शिवसेना में शामिल होना हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मैं उन्हें दिल से बधाई देता हूं। उन्होंने मुझ पर भरोसा जताया है। वे मूल रूप से दिल से शिवसैनिक हैं और बालासाहेब ठाकरे के विचारों से प्रेरित रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रकाश महाजन ने अपने राजनीतिक जीवन में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं, लेकिन कभी अपने पद का दुरुपयोग नहीं किया।
“उन्होंने हमेशा गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए काम किया। राजनीति में धैर्य और गरिमा जरूरी है और प्रकाश महाजन ने इसका हमेशा पालन किया है। उनके आने से शिवसेना और मजबूत होगी,” शिंदे ने कहा।
महायुति को मिलेगी भारी जीत का भरोसा
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने दोहराया कि शिवसेना बालासाहेब ठाकरे और आनंद दिघे के विचारों को आगे बढ़ा रही है और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में महायुति भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने भाजपा-शिवसेना गठबंधन को विचारों का गठबंधन बताते हुए इसे बालासाहेब ठाकरे और अटल बिहारी वाजपेयी के रिश्ते से जोड़ा।
📍 #ठाणे |
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेनेचे उपनेते आणि प्रवक्ते प्रकाश महाजन यांनी आज #शिवसेना पक्षात जाहीर प्रवेश केला. त्यांचे पक्षात स्वागत करून त्यांना भावी यशस्वी वाटचालीसाठी शुभेच्छा दिल्या.
प्रकाशजी हे मनसेमध्ये जाण्यापूर्वी काही काळ शिवसेनेमध्ये कार्यरत होते. यावेळी त्यांनी… pic.twitter.com/nw6jsnJTbw
— Eknath Shinde – एकनाथ शिंदे (@mieknathshinde) December 26, 2025
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण से हुई मुलाकात का भी जिक्र किया गया। कार्यक्रम में एनसीपी से जुड़े वरिष्ठ नेता व पूर्व पार्षद बबन कडवजे, कोल्हापुर की महिला नेता चौगुले, शारदा लभाटे समेत कई अन्य नेताओं ने भी शिवसेना की सदस्यता ग्रहण की।
शिवसेना पर बढ़ रहा जनता का भरोसा
एकनाथ शिंदे ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में महाराष्ट्र में हुए विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं के कारण जनता का भरोसा शिवसेना पर लगातार बढ़ रहा है।
हिंदुत्व के मुद्दे पर शिंदे पर भरोसा – प्रकाश महाजन
शिवसेना में शामिल होने के बाद प्रकाश महाजन ने कहा,
“मैंने आधिकारिक रूप से शिवसेना जॉइन कर ली है। मैं पहले भी शिवसेना का उपनेता रह चुका हूं। शिंदे साहब मुख्यमंत्री और पार्टी प्रमुख होने के बावजूद खुद को शिवसेना का कार्यकर्ता मानते हैं, यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।”
उन्होंने एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने महाराष्ट्र को मजबूती से संभाला।
“भारी बारिश के दौरान रात डेढ़ बजे गांव पहुंचकर हालात संभालना उनकी कार्यशैली को दर्शाता है। मैं हिंदुत्व के मुद्दे पर काम करना चाहता था और शिंदे साहब इसे सही मायनों में समझते हैं।”














