आगामी नववर्ष के अवसर पर जनपद में संभावित भीड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति को देखते हुए गौतम बुद्ध नगर विकास समिति के प्रतिनिधि मंडल ने एसीपी सेंट्रल नोएडा, दीक्षा सिंह से मुलाक़ात कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान समिति के प्रतिनिधियों ने नववर्ष की पूर्व संध्या पर बढ़ने वाली भीड़, सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया। इस पर एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जिलेभर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। इसके साथ ही शहर के सभी प्रमुख मॉल्स, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार पुलिस चेकिंग की जा रही है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और नागरिक सुरक्षित रहें।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सोसाइटी एवं स्थानीय कार्यक्रमों में आपसी सौहार्द और शांति के साथ नववर्ष मनाएं तथा किसी भी प्रकार के विवाद या अव्यवस्था से बचें।
गौतम बुद्ध नगर विकास समिति की अध्यक्ष रश्मि पाण्डेय ने भी नागरिकों से अनुरोध किया कि न्यू ईयर ईव पर सड़कों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था बाधित न हो और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं समिति के सचिव अनूप सोनी ने कहा कि प्रशासन और नागरिकों के आपसी सहयोग से ही सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित नववर्ष का आयोजन संभव है।
गौतम बुद्ध नगर विकास समिति ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए सभी नागरिकों से संयम, जिम्मेदारी और नियमों का पालन करते हुए नववर्ष मनाने की अपील की।
इस बैठक में समिति की ओर से रश्मि पाण्डेय, अनूप सोनी, नामित रंजन एवं अमित गिरी उपस्थित रहे।














