गाज़ीपुर – जमानियां सर्किल में रविवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर खनन विभाग ने अवैध बालू परिवहन के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिला खनन अधिकारी ईश्वरचंद के नेतृत्व में टीम ने जमानियां–गाज़ीपुर तथा ताड़ीघाट–बारा हाईवे पर बिना परमिट और ओवरलोड चल रहे ट्रेलरों की जांच की।
ओवरलोड ट्रेलर सीज, भारी जुर्माना
अभियान के दौरान टीम ने चार ओवरलोड बालू लदे ट्रेलरों को पकड़कर सीज कर दिया। इन सभी ट्रेलरों पर कुल दो लाख पाँच हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। ट्रेलरों में न तो परमिट मिला और न ही खनन संबंधी आवश्यक दस्तावेज। सभी वाहनों को सीज कर सुहवल थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया।
वाहन चालकों में भगदड़, मार्गों पर सन्नाटा
कार्रवाई की खबर फैलते ही वाहन चालकों और बालू माफियाओं में अफरातफरी मच गई। कई ट्रेलर व ट्रक चालक कार्रवाई से बचने के लिए अपने वाहनों को मुख्य मार्गों से हटाकर अन्य स्थानों पर ले गए। आमतौर पर व्यस्त रहने वाले हाईवे इस दौरान लगभग खाली दिखाई दिए। चालक और माफिया लगातार मोबाइल के जरिए खनन विभाग की टीम की लोकेशन पता करने की कोशिश करते रहे।
अभियान आगे भी जारी रहेगा
जिला खनन अधिकारी ईश्वरचंद ने बताया कि अभियान का उद्देश्य ओवरलोड और बिना परमिट चलने वाले वाहनों पर सख्ती करना है। उन्होंने पुष्टि की कि चार ट्रेलर सीज किए गए और प्रत्येक पर 51,250 रुपये का जुर्माना लगाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अवैध खनन और परिवहन पर पूर्ण नियंत्रण लगाया जा सके।














