Tuesday, July 1, 2025
Your Dream Technologies
HomePARDAFHAAS BREAKINGगाजीपुर में भव्य ‘भारत शौर्य तिरंगा यात्रा’, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के वीर सैनिकों...

गाजीपुर में भव्य ‘भारत शौर्य तिरंगा यात्रा’, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के वीर सैनिकों को दी गई श्रद्धांजलि

गाजीपुर। अद्वितीय साहस, शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन करते हुए पाक समर्थित आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को सफल बनाने वाली देश की तीनों सेनाओं – जल, थल और वायु – के सम्मान में शनिवार को गाजीपुर नगर में ‘भारत शौर्य तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। इस यात्रा का नेतृत्व राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने किया। यात्रा में हजारों की संख्या में पुरुषों और महिलाओं की सहभागिता रही, जिनके हाथों में तिरंगा झंडा और चेहरों पर देशभक्ति का उत्साह स्पष्ट झलक रहा था।

यह तिरंगा यात्रा नगर के ऐतिहासिक लंका मैदान से प्रारंभ हुई और सकलेनाबाद, विशेश्वरगंज, मिश्र बाजार, कोतवाली होते हुए आमघाट गांधी पार्क तक पहुँची। वहां एक जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने भारतीय सेना की वीरता और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर गर्व व्यक्त किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि भारतीय सैनिकों ने सटीक और निर्णायक कार्रवाई करते हुए सैकड़ों आतंकियों को मार गिराया और पहलगाम हमले में शहीद बहनों के सिंदूर का बदला लिया। उन्होंने कहा कि देश अब कमजोर नहीं रहा; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब दुश्मनों को उनके घर में घुसकर मारने वाला राष्ट्र बन गया है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ केवल सैन्य सफलता नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का गौरव है।

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा भारतीय सेना के अद्वितीय पराक्रम को समर्पित है और इसे प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, माताओं-बहनों और नागरिकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि आज गाजीपुर की धरती पर देशभक्ति की भावना चरम पर है।

पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारतीय सेना अमर रहे’ जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा। महिलाएं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी पूरे जोश से यात्रा में शामिल हुए और राष्ट्रभक्ति का अनोखा दृश्य प्रस्तुत किया।

आमघाट गांधी पार्क में आयोजित सभा से पूर्व सांसद दर्शना सिंह व अन्य जनप्रतिनिधियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें और देश के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा का संचालन भाजपा जिला महामंत्री प्रवीण सिंह ने किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, प्रो. शोभनाथ यादव, नपा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। यह तिरंगा यात्रा न केवल भारतीय सेना के प्रति सम्मान का प्रतीक बनी, बल्कि देशवासियों की एकजुटता और राष्ट्र प्रेम का संदेश भी लेकर आई।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button