नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से 14 वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और अब जिंदगी और मौत के बीच आईसीयू में संघर्ष कर रही है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हादसे के कई दिन बाद भी न तो आरोपी की गिरफ्तारी हुई है और न ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। उल्टा आरोपी पक्ष द्वारा परिवार को लगातार धमकियां और गालियां दी जा रही हैं।
घटना नोएडा के सेक्टर-10 इलाके की बताई जा रही है। पीड़ित बच्ची के पिता रामसरीख ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी कुसुम 11 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे सेक्टर-9 और सेक्टर-10 के पास बने सार्वजनिक शौचालय गई थी। जैसे ही वह बाहर निकली, उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
परिवार के अनुसार बाइक चला रहा युवक राहुल पुत्र बैजनाथ निवासी ए-ब्लॉक, सेक्टर-10 था। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची सड़क पर गिरते ही बेहोश हो गई और उसके सिर में गंभीर चोट आई।
“सरकारी अस्पताल ने प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया”
परिजनों ने घायल बच्ची को तुरंत सेक्टर-39 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। लेकिन पूरी रात बच्ची की हालत बिगड़ती रही। परिवार का कहना है कि बच्ची का दिमाग ठीक से काम नहीं कर रहा था और उसकी हालत लगातार खराब होती जा रही थी।
अगली सुबह जब परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि अगर बच्ची को उल्टी होने लगी तो मामला बेहद गंभीर हो सकता है। कुछ ही देर बाद बच्ची को लगातार उल्टियां शुरू हो गईं और उसकी हालत और बिगड़ने लगी।
इसके बाद परिवार आनन-फानन में बच्ची को दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचा, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि सिर की नस में गंभीर चोट लगने के कारण खून जम गया है और तत्काल ऑपरेशन करना पड़ेगा।
“ऑपरेशन के दौरान भी जान का खतरा था”
पीड़िता के पिता ने बताया कि डॉक्टरों ने साफ कहा था कि ऑपरेशन बेहद जोखिम भरा है और बच्ची की जान को खतरा हो सकता है। फिलहाल बच्ची का ऑपरेशन हो चुका है लेकिन उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और वह आईसीयू में भर्ती है।
परिवार की आर्थिक और मानसिक स्थिति भी इस हादसे के बाद पूरी तरह टूट चुकी है। परिजनों का कहना है कि एक तरफ बेटी जिंदगी की लड़ाई लड़ रही है, दूसरी तरफ उन्हें न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
@CP_Noida @noidapolice सेक्टर-9 में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 14 वर्षीय कुसुम गंभीर रूप से घायल
सर में चोट के बाद सर्जरी, बच्ची ICU में भर्ती
परिजनों का आरोप—शिकायत के बाद भी थाना फेज-1 ने मुकदमा दर्ज नहीं किया
ना आरोपी राहुल को गिरफ्तार किया परिवार को मिल रही धमकियां pic.twitter.com/qDAJSWeANy
— PARDAPHAAS NEWS (@pardaphaas) May 17, 2026
“थाने में शिकायत दी, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई”
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद थाना फेज-1 पुलिस को लिखित शिकायत दे दी गई थी। इसके बावजूद अब तक न तो आरोपी राहुल की गिरफ्तारी हुई है और न ही कोई मुकदमा दर्ज किया गया है।
परिवार का कहना है कि आरोपी और उसके परिजन खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित पिता रामसरीख ने आरोप लगाया:
“हमारी बेटी ICU में है, लेकिन आरोपी अब भी आजाद घूम रहा है। ऊपर से हमें गालियां और धमकियां दी जा रही हैं। हमें डर है कि कहीं हमारे साथ कोई और अनहोनी न हो जाए।”
इलाके में बढ़ा आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि नोएडा में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर अक्सर केवल खानापूर्ति होती है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा तथा आर्थिक सहायता दी जाए।
परिवार की अपील — “हमें इंसाफ चाहिए”
आईसीयू के बाहर बैठा परिवार हर पल बच्ची के होश में आने का इंतजार कर रहा है। मां की आंखों में आंसू हैं और पिता लगातार न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
परिवार ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि मामले में तत्काल FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाए ताकि उनकी बेटी को इंसाफ मिल सके।














