गाजीपुर। गहमर थाना पुलिस ने महिलाओं के प्रति अश्लील हरकत करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जनपद में महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को सूचना मिली कि खेमनराय पट्टी स्थित बभनिया इनार के पास एक युवक राहगीर महिलाओं को देखकर अश्लील हरकतें कर रहा है। उसकी हरकतों से महिलाओं और स्थानीय लोगों में भय एवं असहजता का माहौल बन गया था।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह चंदेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम समर्थ सिंह (24) पुत्र करुणेश सिंह, निवासी गहमर पट्टी परमाराय, थाना गहमर बताया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गहमर में मुकदमा अपराध संख्या 164/2026, धारा 296 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसे मामलों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।














