जंगीपुर। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर जंगीपुर थाना क्षेत्र के अरसदपुर के पास रविवार रात सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से दूसरा ट्रेलर जा भिड़ा। हादसे में ट्रेलर चालक बाल-बाल बच गया, जबकि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक सुभाष कुमार निवासी अहिरौला, मिर्जापुर ने बताया कि वह वाराणसी की ओर से ट्रेलर में गिट्टी लादकर जा रहा था। अरसदपुर के पास सड़क किनारे खड़े अज्ञात ट्रेलर से उसका वाहन टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद सड़क किनारे खड़ा ट्रेलर लेकर उसका चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को सड़क किनारे करवाया। जंगीपुर थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यातायात सुचारु रूप से संचालित हो रहा है।














