गाजीपुर। सैदपुर पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख हीरा यादव पर हुए हमले के मामले में मुख्य आरोपी औड़िहार निवासी देवराज सिंह ठाकुर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सोमवार को गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर पियरी पगांव के पास कार्रवाई करते हुए देवराज सिंह ठाकुर, सोनू सिंह और गोविंद यादव को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी न्यायालय में हाजिर होने के लिए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सैदपुर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को सैदपुर कोतवाली लाया गया, जहां से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
बताया गया कि घटना के बाद से मुख्य आरोपी देवराज सिंह ठाकुर सहित अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और बढ़ते दबाव के कारण पुलिस पर शीघ्र कार्रवाई की जिम्मेदारी बढ़ गई थी। तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।














