गाजीपुर। नेवादा स्थित एस.एस. पब्लिक स्कूल जंगीपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीटीओ लव कुमार सिंह, आरआई एआरटीओ गाजीपुर राजभूषण यादव एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी रहे। अतिथियों ने मां भारती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके बाद ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक परेड के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। प्रधानाचार्य ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज हम आजाद भारत में सांस ले रहे हैं और देश को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी युवाओं एवं विद्यार्थियों पर है। विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई कर अच्छा नागरिक बनने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने कहा कि देश की आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। महात्मा गांधी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे वीरों ने अपना जीवन देश के लिए समर्पित किया। देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।
विद्यालय के निदेशक रामप्रसाद गुप्ता ने सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी भी है। कार्यक्रम का संचालन ज्योति सिंह, आर्या सिंह, गरिमा सिंह, निहारिका यादव एवं शिवांगी सिंह ने किया। इस दौरान सह निदेशक शैलेंद्र गुप्ता, प्रबंधक ममता गुप्ता, सह प्रबंधक सिद्धार्थ गुप्ता सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे।














