गाजीपुर। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण, हज एवं मुस्लिम वक्फ बोर्ड ओमप्रकाश राजभर ने ऑडिटोरियम परिसर पीरनगर में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। मंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का फीता काटकर उद्घाटन किया और योजनाओं की जानकारी ली।
इसके बाद ऑडिटोरियम सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ किया गया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और लूर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सामूहिक गायन एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को माल्यार्पण, अंगवस्त्र और वॉल हैंगिंग देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि स्वतंत्रता असंख्य वीर सपूतों के बलिदान का परिणाम है। सभी को देश को स्वच्छ, आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के लिए ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को नमन किया।
राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने कहा कि गाजीपुर के वीर जवान देश की रक्षा के लिए अपना जीवन न्यौछावर करते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य कर भारत को विश्वगुरु और आर्थिक महाशक्ति बनाने में योगदान देने की अपील की।
विधायक जखनियां बेदीराम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आजादी वीर सपूतों के त्याग और बलिदान से मिली है। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार जताया और वंदे मातरम का सामूहिक गायन हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।














