गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर ड्रग्स इंस्पेक्टर रजत कुमार पांडेय ने बुधवार को महिला जिला अस्पताल के सामने समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। आईजीआरएस पर मिली शिकायत के बाद की गई कार्रवाई में दवा दुकानों पर नियमों के अनुपालन की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान सिंह मेडिकल स्टोर, मिश्रा मार्केट स्थित मेडिकल स्टोर, पटेल मेडिकल स्टोर, हिंद मेडिकल स्टोर, शांति फार्मा, सिंध मेडिकल स्टोर, ओम साई मेडिकल स्टोर समेत कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान कई दुकानों पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। महिला जिला अस्पताल के सामने स्थित सिंह मेडिकल स्टोर पर जांच के समय फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाया गया।
ड्रग्स इंस्पेक्टर ने मेडिकल स्टोर संचालकों को ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट-1940 और नियमावली-1945 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना फार्मासिस्ट की मौजूदगी के दवाओं की बिक्री नहीं की जाएगी। ग्राहकों को दवाओं की बिक्री का पक्का बिल देना अनिवार्य होगा। साथ ही दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने और शत-प्रतिशत सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने चेतावनी दी कि मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने पर संबंधित फर्म के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण में मिली कमियों को लेकर संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सभी को सात कार्यदिवस में स्पष्टीकरण देने का समय दिया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है।














