गाजीपुर। देश में लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षाओं में कथित धांधली और प्रसिद्ध शिक्षाविद् एवं पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के समर्थन में गाजीपुर के युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व छात्र संघ महामंत्री (पीजी कॉलेज) एवं पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु तिवारी के नेतृत्व में युवाओं ने अपने खून से राष्ट्रपति को पत्र लिखकर उप जिलाधिकारी विनोद जोशी के माध्यम से भेजा।
पत्र में राष्ट्रपति से दो प्रमुख मांगें की गईं। पहली, सोनम वांगचुक की मांगों पर सरकार तत्काल सकारात्मक निर्णय लेकर उनके आंदोलन का समाधान करे। दूसरी, परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें।
सुधांशु तिवारी ने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों ने देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य और विश्वास को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के अधिकारों और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए आवाज उठाना समय की जरूरत है।
शशांक उपाध्याय ने कहा कि लगातार हो रही अनियमितताओं के कारण छात्रों का भविष्य संकट में है। वहीं प्रवीण दूबे ने कहा कि यदि सोनम वांगचुक को किसी प्रकार की क्षति पहुंची तो गाजीपुर के हजारों युवा आंदोलन के लिए सड़कों पर उतरेंगे। प्रकाश राय ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि युवाओं को अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है।
इस दौरान शशांक उपाध्याय, प्रवीण दूबे, अंशु पांडेय, प्रकाश राय, धर्मेंद्र कुमार, राजू, ताम्रध्वज कुमार, शिवम पासवान, हर्ष पांडेय, विपुल मिश्रा, रईस अहमद, जावेद आलम, मुकुल देव, विशाल कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा और छात्र उपस्थित रहे।














