गाजीपुर – सावन माह और कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज रजा ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ ददरी घाट, कलेक्टर घाट और चितनाथ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने कांवड़ियों के आवागमन मार्गों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की स्थिति, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार कार्य तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि सावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु गाजीपुर के घाटों पर पहुंचते हैं, इसलिए सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।














