गाजीपुर। जिला जज, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बुधवार को राजकीय संप्रेषण गृह किशोर (बाल सुधार गृह) का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए बैरकों की सघन तलाशी कराई तथा साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। इस दौरान अधिकारियों ने बाल सुधार गृह में रह रहे किशोरों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किशोरों के स्वास्थ्य, खान-पान और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
इसके बाद जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने जिला कारागार का भी औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल की बैरकों और मेस की सघन तलाशी लेते हुए पूरे परिसर का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।














