गाजीपुर। जनपद में पत्रकारिता के नाम पर कार्य कर रहे संदिग्ध एवं अनधिकृत व्यक्तियों के सत्यापन की मांग को लेकर यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन जनपद इकाई ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने पत्रकारिता की आड़ में गलत गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि जनपद में पत्रकार के रूप में कार्य करने वाले व्यक्तियों का नियमानुसार सत्यापन कराया जाए। साथ ही संबंधित समाचार संस्थान से उनकी संबद्धता और अधिकृत होने की स्थिति की भी जांच की जाए। संगठन का कहना है कि इससे वास्तविक और अधिकृत पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित होगी तथा पत्रकारिता की विश्वसनीयता और गरिमा बनी रहेगी।
ज्ञापन में वाहनों पर बिना वैध पात्रता के “PRESS” लिखे जाने का मुद्दा भी उठाया गया। मांग की गई कि ऐसे वाहनों की नियमानुसार जांच कराई जाए और नियम-विरुद्ध तरीके से “PRESS” लिखे पाए जाने पर संबंधित वाहन एवं व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
संगठन ने जांच प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी रखने के साथ वास्तविक पत्रकारों की स्वतंत्रता, सम्मान और गरिमा प्रभावित न होने की मांग की। इस दौरान जिला अध्यक्ष आशीष गुप्ता, बीएन तिवारी, उपेन्द्र यादव, विश्व बंधु कमांडर, मनीष गुप्ता, अविनाश कुमार, कृपा शंकर और पवन यदुवंशी आदि मौजूद रहे।














