HomeLocalमेहरअलीपुर में कूड़ा डंपिंग और मृत पशु फेंके जाने पर ग्रामीणों का...

मेहरअलीपुर में कूड़ा डंपिंग और मृत पशु फेंके जाने पर ग्रामीणों का प्रदर्शन

ग़ाज़ीपुर। जंगीपुर थाना क्षेत्र के मेहरअलीपुर उर्फ भंवरी गांव में मुख्य मार्ग के किनारे कूड़ा डंप किए जाने और मृत पशुओं को खुले में फेंके जाने के आरोप को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। कूड़े से लदे ट्रैक्टर पर मृत गोवंश देखकर ग्रामीणों ने उसे वापस लौटा दिया। इसके बाद नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि करीब चार वर्षों से गांव के पास स्थित बंजर भूमि में कूड़ा डंप किया जा रहा है। लगातार कूड़ा जमा होने से यहां गंदगी और दुर्गंध का वातावरण बना हुआ है। इससे राहगीरों, किसानों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण कृष्ण चंद्र यादव ने बताया कि यह मार्ग आलमपट्टी से सुसुंडी-कासिमाबाद को जोड़ता है। मार्ग के आसपास कई प्राथमिक विद्यालय, डिग्री कॉलेज, पब्लिक स्कूल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित हैं। ग्रामीणों के अनुसार कूड़े के ढेर से करीब 100 मीटर दूर खेल मैदान है, जहां युवा पहले नियमित अभ्यास करते थे। दुर्गंध और गंदगी के कारण अब उन्हें परेशानी हो रही है। करीब 50 मीटर की दूरी पर जल निगम की पानी की टंकी भी है।

किसानों ने बताया कि कूड़े की दुर्गंध के कारण खेतों में काम करना भी मुश्किल हो गया है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिवमंगल यादव ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों को कई बार लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

क्षेत्रीय लेखपाल शरद जायसवाल ने बताया कि भूमि बंजर है और करीब 16 मंडा क्षेत्रफल में स्थित है। कूड़ा किन कारणों से और किसके आदेश पर डाला जा रहा है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। प्रदर्शन में उदय यादव, ओम प्रकाश यादव, आशीष जायसवाल, दुर्गा सिंह यादव, शशिकांत बिंद, नगीना यादव, योगेश यादव, अवधेश बिंद और अरविंद यादव सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।

दूसरी जगह दफनाया गया गोवंश

नगर पालिका परिषद सदर के अधिशासी अधिकारी धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि गोराबाजार में सड़क दुर्घटना में एक लावारिस गोवंश की मौत हो गई थी। उसे नगर पालिका के वाहन से मेहरअलीपुर के पास जिला प्रशासन की ओर से स्वीकृत भूमि पर दफनाने के लिए ले जाया गया था। ग्रामीणों के विरोध के बाद दूसरी सुरक्षित जगह चिह्नित कर शव को दफना दिया गया। उन्होंने बताया कि कूड़े के रेमिडिएशन के लिए शासन को भेजा गया प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है और टेंडर प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद कूड़े का निस्तारण कराया जाएगा।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments