गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कासिमाबाद थाना क्षेत्र के शेखअहमदपुर गांव निवासी कमलेश सिंह के खिलाफ एक वृद्ध महिला से छेड़छाड़, शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न तथा धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता के पुत्र रंजीत खरवार ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उनकी 70 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ मां घर में अकेली रहती हैं, जिसका फायदा उठाकर आरोपी लंबे समय से उनके साथ छेड़छाड़, शारीरिक शोषण और मानसिक प्रताड़ना करता रहा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में भी आरोपी के खिलाफ कासिमाबाद थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था, लेकिन जमानत पर छूटने के बाद वह फिर से उत्पीड़न करने लगा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और उल्टे समझौते का दबाव बनाया गया। पीड़ित पक्ष ने 27 फरवरी, 27 मई तथा 12 जून 2026 की सीसीटीवी वीडियो क्लिप भी साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराने का दावा किया है। एसपी के निर्देश पर अब आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।इस प्रकरण के बाद कासिमाबाद क्षेत्र में तरह तरह का चर्चा बना हुआ है।














