Wednesday, July 15, 2026
Your Dream Technologies
HomePARDAFHAAS BREAKINGकिसान दिवस में उठीं सिंचाई, बिजली और खाद की समस्याएं, सीडीओ ने...

किसान दिवस में उठीं सिंचाई, बिजली और खाद की समस्याएं, सीडीओ ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में उप कृषि निदेशक विजय कुमार, जिला कृषि अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों ने सिंचाई, बिजली, खाद वितरण, नहरों में पानी की कमी, कृषि यंत्रों की बुकिंग, पशुओं के टीकाकरण, ट्रांसफार्मर बदलने, डीजल उपलब्धता और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

किसानों ने बताया कि कई सहकारी समितियों पर खाद उपलब्ध नहीं है, कई माइनरों में पानी नहीं पहुंच रहा है तथा जर्जर विद्युत तार और खराब ट्रांसफार्मरों के कारण खेती प्रभावित हो रही है। वहीं पशुओं के खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण, टैगिंग तथा ट्यूबवेल की नालियों की मरम्मत की भी मांग की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाएगी। साथ ही किसानों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने और आधुनिक व वैज्ञानिक खेती अपनाने की अपील की।

बैठक में उप कृषि निदेशक ने बताया कि कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग 16 से 30 जुलाई 2026 तक कृषि विभाग के पोर्टल पर की जाएगी। उन्होंने सूखे की स्थिति को देखते हुए किसानों को कम पानी वाली फसलों जैसे ज्वार, बाजरा, मक्का, तिल, रागी और कोदो की खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि विभागीय निवेश केंद्रों पर इन फसलों के उन्नत बीज उपलब्ध हैं।

अधिकारियों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, खेत तालाब योजना तथा अन्य कृषि योजनाओं की जानकारी भी किसानों को दी और पात्र किसानों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। बैठक में कृषि, उद्यान, पशुपालन, सिंचाई, विद्युत, सहकारिता, मत्स्य और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button