गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार स्थित राइफल क्लब में नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में संचालित निर्माण और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर विकास से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समय सीमा के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में सड़क एवं नाली निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, सीवर लाइन, पार्कों के विकास, सौंदर्यीकरण तथा अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक परियोजना की वर्तमान प्रगति की जानकारी ली और जिन कार्यों में देरी पाई गई, उनके लिए स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समय के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी परियोजनाएं शासन के निर्धारित मानकों और तकनीकी विशिष्टताओं के अनुरूप पूरी की जाएं। साथ ही कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए और आमजन को अनावश्यक असुविधा न होने पाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी परियोजना में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने, यातायात सुगमता और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वर्षा ऋतु को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वेद सिंह चौहान, मुख्य राजस्व अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, जल निगम, विद्युत विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने का भरोसा दिलाया।














