दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को आजादपुर क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गुप्ता मार्केट, आजादपुर चौक, त्रिपोलिया चौक और आसपास के इलाकों का दौरा कर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान Delhi Metro Rail Corporation और Public Works Department के चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। काम में देरी, अव्यवस्था और खराब सफाई व्यवस्था को देखकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
“काम जमीन पर दिखना चाहिए, सिर्फ कागजों में नहीं”
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में पूरी हों और काम की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
जनसुविधा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई, देरी या लापरवाही बर्दाशत नहीं की जाएगी। दिल्ली के नागरिकों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, सुगम आवागमन और भरोसेमंद व्यवस्थाएं देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हमारी सरकार सभी विकास कार्यों का समय-समय पर ऑन ग्राउंड रिव्यू करती… pic.twitter.com/16NhLTJEKS
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) April 20, 2026
साथ ही उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान आम लोगों की आवाजाही, सुरक्षा और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए।
स्वच्छता और ड्रेनेज पर खास जोर
दिल्ली को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने आजादपुर, आदर्श नगर और त्रिपोलिया चौक में ड्रेनेज सिस्टम के पुनर्निर्माण और नालों की तत्काल सफाई (डीसिल्टिंग) के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि:
सड़कों को गड्ढामुक्त बनाया जाए
फुटपाथों का सौंदर्यीकरण किया जाए
कूड़ा प्रबंधन प्रणाली को मजबूत किया जाए
क्षतिग्रस्त ढांचों को तुरंत ठीक किया जाए
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सभी कार्यों की नियमित निगरानी होगी और लापरवाही मिलने पर सीधे जिम्मेदारी तय की जाएगी
आज़ादपुर मंडी, गुप्ता मार्केट और आसपास के क्षेत्रों का ऑन ग्राउंड निरीक्षण किया।
यहां DMRC और PWD द्वारा चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली। सभी संबंधित विभागों को स्थानीय नागरिकों के आवागमन और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य… pic.twitter.com/kJMHQo98T9
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) April 20, 2026
गुणवत्ता और सुरक्षा पर सख्ती
मेट्रो निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने पिलर्स की मजबूती और तकनीकी गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण पूरा होते ही फुटपाथों को तुरंत पहले जैसी स्थिति में बहाल किया जाए।
उन्होंने दो टूक कहा कि आम लोगों को होने वाली असुविधा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी और सुरक्षा मानकों के साथ कोई समझौता नहीं होगा।
आजादपुर बनेगा बड़ा मेट्रो इंटरचेंज हब
मुख्यमंत्री ने आजादपुर मेट्रो स्टेशन के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। यह स्टेशन येलो, पिंक और निर्माणाधीन मैजेंटा लाइन (फेज-4) के बीच एक महत्वपूर्ण इंटरचेंज हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।
जनकपुरी वेस्ट से आर.के. आश्रम मार्ग तक बनने वाला यह कॉरिडोर उत्तर दिल्ली की कनेक्टिविटी को काफी बेहतर बनाएगा। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को इस साल के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।
नियमित सफाई अभियान के निर्देश
निरीक्षण के दौरान आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने नियमित सफाई अभियान चलाने और व्यवस्थाओं को स्थायी रूप से सुधारने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, फुटओवर ब्रिज के नवीनीकरण, फुटपाथों के सुधार और पुलिस बूथ के पुनर्स्थापन के भी निर्देश दिए गए।
“मिशन मोड में काम कर रही सरकार”
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिक सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार 24×7 मिशन मोड में काम कर रही है और Narendra Modi के विकसित दिल्ली के विजन को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।














