
नोएडा, 21 मई 2025: जनपद गौतमबुद्धनगर के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में शांति व्यवस्था बनाए रखने, श्रमिकों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने तथा श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन के उद्देश्य से अपर श्रम आयुक्त सरजू राम ने आज सेक्टर-3 स्थित श्रम कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया। यह बैठक आगामी जिला श्रम बंधु की तैयारी के तहत की गई थी, जिसमें सेवायोजन से जुड़ी समस्याओं पर बिंदुवार विचार-विमर्श किया गया।
इस बैठक में एमएसएमई इंडस्ट्रियल एसोसिएशन नोएडा की ओर से अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नाहटा, महामंत्री शिव कुमार राणा, उपाध्यक्ष दिलशाद अहमद, सचिव सुबोध कुमार, और सदस्य दिलीप मिश्रा शामिल हुए।
बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नाहटा ने उद्योगों के उत्पादन में श्रमिक संगठनों द्वारा अनावश्यक हस्तक्षेप और विभिन्न विभागों के साथ श्रम अधिकारियों द्वारा बिना कारण फैक्ट्रियों में निरीक्षण किए जाने जैसी समस्याओं को गंभीरता से उठाया। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां न केवल औद्योगिक माहौल को प्रभावित करती हैं, बल्कि उत्पादन में भी बाधा उत्पन्न करती हैं।
इन समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए अपर श्रम आयुक्त सरजू राम ने उद्यमियों को आश्वासन दिया कि उद्योगों के उत्पादन में कोई व्यवधान न हो, इसके लिए श्रम विभाग हर संभव समाधान हेतु तत्पर रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग की प्राथमिकता औद्योगिक शांति बनाए रखते हुए श्रमिकों और उद्योगों के बीच संतुलन बनाए रखना है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आगामी जिला श्रम बंधु बैठक में इन मुद्दों को औपचारिक रूप से रखा जाएगा और उनके स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।