भांवरकोल (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के मनिया में रविवार तड़के करीब तीन बजे सड़क हादसे में बालू लदे ट्रेलर के चालक की मौत हो गई, जबकि ट्रेलर मालिक घायल हो गए। हादसा आलू मिल के सामने जाम के दौरान हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रेलरों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, मनिया से पातालगंगा तक वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसके चलते झारखंड का ट्रेलर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से बालू लादकर आ रहे बिहार नंबर के ट्रेलर ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बालू लदे ट्रेलर के चालक रामानंद यादव (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं ट्रेलर मालिक आनंद शंकर यादव (40) को भी सामान्य चोटें आईं। मृतक रामानंद आजमगढ़ जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर भइया गांव के निवासी थे, जबकि आनंद शंकर मऊ जिले के घोसी क्षेत्र स्थित मुहम्मदपुर हसनपुर के रहने वाले हैं।
पुलिस ने मृतक के शव को मर्चरी हाउस में रखवा दिया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।















