ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के अंडरपास पर नोनहरा पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 459 ग्राम हेरोइन बरामद
गाजीपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नोनहरा पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 459 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी ऑल्टो कार भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, एक नवंबर 2026 को एकड़गवां-सुसुंडी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे अंडरपास के पास से कृष्णा कुमार दुबे (26) पुत्र विपिन दुबे निवासी अपकारी गली, वार्ड नंबर 33, डुमरांव, थाना डुमरांव, जिला बक्सर (बिहार) को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 459 ग्राम हेरोइन, एक आईफोन, एक पर्स, दो एचडीएफसी बैंक कार्ड, एक अन्य कार्ड और 350 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हेरोइन उसे बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र के कथरिया निवासी यशवंत ने दी थी। उसे नोनहरा क्षेत्र में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर एक व्यक्ति को व्हाट्सएप कॉल के जरिए निर्देश मिलने के बाद हेरोइन सौंपनी थी और रुपये लेकर आपस में बांटने थे।
पुलिस ने नोनहरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी और एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र नाथ सिंह की टीम शामिल रही।















